गिरिडीह पुलिस की बड़ी कामयाबी, नेपाल बॉर्डर के पास बिहार से चोरी की स्कॉर्पियो बरामद
गिरिडीह पुलिस की बड़ी कामयाबी, नेपाल बॉर्डर के पास बिहार से चोरी की स्कॉर्पियो बरामद
पचंबा के तेलोडीह से चोरी हुई थी स्कॉर्पियो, पूर्वी चंपारण के नारायण टोला में छापेमारी कर पुलिस ने किया बरामद; अपराधियों की तलाश जारी
गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पचंबा थाना क्षेत्र के तेलोडीह गांव से चोरी हुई काले रंग की स्कॉर्पियो क्लासिक एस-11 को पुलिस ने बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से बरामद कर लिया है। पुलिस ने नेपाल बॉर्डर के पास झरोखर थाना क्षेत्र के नारायण टोला में छापेमारी कर चोरी की गई गाड़ी को अपने कब्जे में लिया। हालांकि, वाहन चोरी में शामिल अपराधी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 2 नवंबर 2026 को पचंबा थाना क्षेत्र के तेलोडीह गांव से काले रंग की स्कॉर्पियो क्लासिक एस-11 चोरी कर ली गई थी। घटना के बाद वाहन मालिक की शिकायत पर पचंबा थाना कांड संख्या 113/26, दिनांक 02.11.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी।
चोरी हुई गाड़ी की तलाश में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना तंत्र का सहारा लिया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम बिहार के पूर्वी चंपारण जिले पहुंची। यहां नेपाल बॉर्डर के नजदीक झरोखर थाना क्षेत्र के नारायण टोला में छापेमारी की गई, जहां से चोरी की गई स्कॉर्पियो बरामद कर ली गई।
बरामद स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन नंबर JH01FL 8863 है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं, इस चोरी की घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
छापेमारी दल में शामिल रहे ये पुलिसकर्मी
इस सफल कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक रामेश्वर भगत, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार, सोनू कुमार वर्मा, सहायक अवर निरीक्षक रंजीत पिंगुवा, पचंबा थाना रिजर्व गार्ड तथा गिरिडीह पुलिस की तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की गई गाड़ी बरामद करने में सफलता मिली है। अब पुलिस की प्राथमिकता इस घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करना और वाहन चोरी के पूरे नेटवर्क का पता लगाना है।

