बद्रीनारायण साहा डीएवी स्कूल में रंगोली, थाली सज्जा और क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
बद्रीनारायण साहा डीएवी स्कूल में रंगोली, थाली सज्जा और क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
कक्षा 9वीं-10वीं की टीम ने क्रिकेट मुकाबले में 11वीं-12वीं की टीम को आठ विकेट से हराया
गिरिडीह। दीपावली, भैया दूज एवं लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर बद्रीनारायण साहा डीएवी पब्लिक स्कूल, सिरसिया में रंगोली, थाली सज्जा, तोरण निर्माण एवं क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और खेल भावना को प्रोत्साहित करना था।
रंगोली एवं थाली सज्जा प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कला और रचनात्मक सोच का शानदार प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगे रंगों और आकर्षक आकृतियों से विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंग गया। वहीं, ईईडीपी (EEDP) के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने आकर्षक तोरण और सुंदर दीये बनाकर अपनी प्रतिभा दिखाई। बच्चों के मनमोहक नृत्य ने भी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर तथा बल्ले से गेंद को हिट कर किया। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं-10वीं और कक्षा 11वीं-12वीं की टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबले में कक्षा 9वीं-10वीं की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कक्षा 11वीं-12वीं की टीम को आठ विकेट से पराजित कर जीत हासिल की।
मौके पर प्राचार्य सचिन गर्ग ने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सहयोग, अनुशासन और खेल भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।

