दीपावली और छठ पर व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर व्यावसायिक महासंघ ने डीसी-एसपी को सौंपा ज्ञापन, बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल की मांग

दीपावली एवं छठ महापर्व को लेकर गढ़वा जिला व्यावसायिक महासंघ ने उठाई व्यापारियों की सुरक्षा की आवाज

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक से मिलकर सौंपा ज्ञापन, स्वर्णकार, सर्राफा एवं बर्तन व्यवसायियों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की मांग

गढ़वा ।।
दीपावली एवं छठ महापर्व के मद्देनजर गढ़वा जिले के समस्त व्यवसायियों की सुरक्षा, विशेषकर स्वर्णकार, सर्राफा एवं बर्तन व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को विशेष पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा शहर के प्रमुख बाजारों में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग को लेकर सोमवार को गढ़वा जिला व्यावसायिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने गढ़वा के उपायुक्त महोदय एवं पुलिस अधीक्षक महोदय से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बुके एवं गुलदस्ता भेंट कर दोनों अधिकारियों का अभिनंदन किया तथा अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से महासंघ ने कहा कि दीपावली खुशियों, उत्साह, आपसी प्रेम, भाईचारे और समृद्धि का प्रतीक पर्व है। इस अवसर पर गढ़वा शहर सहित जिले के विभिन्न बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, जिससे बाजारों में काफी भीड़भाड़ रहती है और व्यावसायिक गतिविधियां भी बढ़ जाती हैं। ऐसे समय में आम नागरिकों के साथ-साथ व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

महासंघ ने विशेष रूप से ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि स्वर्णकार एवं सर्राफा व्यवसायियों के प्रतिष्ठानों में सोना, चांदी एवं अन्य बहुमूल्य आभूषण रखे जाते हैं। धनतेरस एवं दीपावली के दौरान इन दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही और लेनदेन काफी बढ़ जाता है। ऐसे में चोरी, छिनतई, लूट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसलिए व्यापारियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है।

महासंघ ने प्रशासन से निम्नलिखित मांगें रखीं।।

  1. धनतेरस एवं दीपावली के दौरान आभूषण दुकानों तथा स्वर्णकार एवं सर्राफा बाजार के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।
  2. मुख्य बाजार, मेन रोड, बस स्टैंड, सब्जी बाजार, सोनपुरवा, टंडवा, कचहरी रोड सहित शहर के सभी प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सुबह से देर रात तक नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित की जाए।
  3. संवेदनशील व्यावसायिक क्षेत्रों में सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
  4. प्रमुख चौक-चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यातायात पुलिस की विशेष व्यवस्था की जाए, जिससे जाम की समस्या उत्पन्न न हो और आम नागरिकों को परेशानी नहीं हो।
  5. देर शाम दुकानों के बंद होने के समय तथा रात्रि में बाजार क्षेत्रों में पुलिस गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए।
  6. बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी एवं उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की अनुरोध।।

इस अवसर पर महासंघ के अध्यक्ष संतोष केसरी ने कहा कि व्यापारी और पुलिस प्रशासन एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास का संबंध होना बेहद जरूरी है। किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित सूचना और कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन एवं व्यावसायिक महासंघ के बीच बेहतर संवाद स्थापित होना चाहिए। हमारा उद्देश्य केवल व्यापारियों की सुरक्षा की मांग करना नहीं, बल्कि पूरे शहर में ऐसा सुरक्षित वातावरण बनाना है, जिसमें व्यापारी, ग्राहक और आम नागरिक सभी निर्भय होकर अपना काम कर सकें।

महासंघ के उपाध्यक्ष भुवनेश्वर सोनी ने कहा कि गढ़वा जिला व्यावसायिक महासंघ केवल व्यवसायियों के हितों की बात करने वाला संगठन नहीं है, बल्कि सामाजिक एकता, जनसुरक्षा, प्रशासनिक सहयोग और शहर के शांतिपूर्ण विकास के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी समझता है।

महामंत्री अरविंद गुप्ता ने कहा कि जब व्यापारी सुरक्षित रहेंगे, तभी बाजार में विश्वास का वातावरण बनेगा और आम नागरिक भी निर्भय होकर त्योहारों की खरीदारी कर सकेंगे। दीपावली किसी एक वर्ग या समुदाय का पर्व नहीं, बल्कि पूरे समाज का उत्सव है। हमारी कामना है कि सभी धर्मों एवं समुदायों के लोग आपसी प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं।

महासंघ के उपाध्यक्ष उमेश केसरी ने कहा कि गढ़वा पुलिस प्रशासन हमेशा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाता रहा है। हमें विश्वास है कि इस बार भी प्रशासन व्यवसायियों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्था करेगी।

संगठन मंत्री कैलाश कश्यप ने प्रशासन से महासंघ द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए धनतेरस, दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

वहीं कोषाध्यक्ष हर्ष अग्रवाल ने कहा कि व्यवसायियों की सुरक्षा समाज और शहर की आर्थिक गतिविधियों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। महासंघ प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने के लिए तत्पर है। सभी के सामूहिक प्रयास से ही सुरक्षित एवं व्यवस्थित बाजार का निर्माण संभव है।

पुलिस अधीक्षक महोदय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि गढ़वा जिला पुलिस प्रशासन की कल बैठक में सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह संकल्पित है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी तथा सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

वहीं उपायुक्त महोदय ने भी आश्वस्त किया कि गढ़वा जिले में दीपावली एवं छठ का त्योहार बेहतर एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा। उन्होंने व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक महोदय से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने की बात कही।

अंत में गढ़वा जिला व्यावसायिक महासंघ ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारा संकल्प है कि गढ़वा का हर व्यापारी सुरक्षित रहे, हर ग्राहक निर्भय होकर बाजार आए और हर परिवार खुशियों के साथ त्योहार मनाए। इस मौके प्रमुख रूप से वहां संघ के अध्यक्ष संतोष केसरी उपाध्यक्ष भूनेश्वर सोनी, उपाध्यक्ष उमेश केसरी महामंत्री अरविंद गुप्ता कोषाध्यक्ष अग्रवाल संगठन मंत्री कैलाश कश्यप और सम्मानित सदस्य महासंघ का अंकित सोनी उपस्थित थे।

व्यापारियों की एकता, सम्मान और प्रगति — गढ़वा के विकास के साथ।

सादर,
गढ़वा जिला व्यावसायिक महासंघ🙏

You may have missed