लातेहार में JTET परीक्षा को लेकर डीसी-एसपी अलर्ट, विभिन्न केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

JTET, 2026 के शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने किया विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण…


लातेहार
आज दिनांक 01.11.2026 को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET), 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उपायुक्त श्री संदीप कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय चन्दनडीह, गांधी इंटर कॉलेज लातेहार, डिस्ट्रिक्ट पब्लिक स्कूल लातेहार, सीएम गर्ल्स स्कूल लातेहार, सेंट जेवियर्स स्कूल पहड़पुरी, कन्ट्रोल रूम लातेहार का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को परीक्षा के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त श्री संदीप कुमार ने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में कराया जाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने तथा परीक्षा संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद रहे।

निरीक्षण के क्रम में परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच, प्रवेश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। जिला प्रशासन द्वारा JTET, 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त आयोजन हेतु सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इस दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन , जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री गौतम कुमार साहू उपस्थित थे।