हरिहरगंज में DAV मनोज पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना, दिखा उत्साह
हरिहरगंज में DAV मनोज पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण के लिए हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
हरिहरगंज (पलामू): विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुभव और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर 2026 को महावीर मंदिर के समीप स्थित DAV मनोज पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर हरिहरगंज नगर पंचायत के उपाध्यक्ष सुशील कुमार रवि, DAV मनोज पब्लिक स्कूल के निदेशक प्रमोद कुमार रवि सहित विद्यालय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद, सुरक्षित एवं ज्ञानवर्धक यात्रा की कामना की।
इस दौरान उपाध्यक्ष सुशील कुमार रवि ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ प्रत्यक्ष रूप से नई-नई चीजों को देखने, समझने और सीखने का अवसर मिलता है। ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास और सामाजिक समझ का विकास होता है।
वहीं, विद्यालय के निदेशक प्रमोद कुमार रवि ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ना भी है। शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक स्थलों से परिचित कराना तथा उनके ज्ञान के दायरे को विस्तृत करना है।
हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी बच्चों को सकुशल यात्रा पूरी कर नई सीख, सुंदर यादों और अनुभवों के साथ वापस लौटने की शुभकामनाएं दी गईं।
पलामू संवाददाता — मनोज कुमार गुप्ता


