ऑपरेशन त्रिशूल: तीन राज्यों में 38 ठिकानों पर छापेमारी, 100 करोड़ के हवाला लेनदेन का खुलासा

देश में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ केंद्र सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुताबिक, केंद्रीय एजेंसियों और पूर्वोत्तर के राज्यों की पुलिस ने मिलकर ऑपरेशन त्रिशूल चलाया। इस अभियान के तहत असम, मिजोरम और मणिपुर में एक साथ 38 ठिकानों पर छापेमारी की गई।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 23 अक्टूबर को चलाए गए इस अभियान के दौरान करीब 100 करोड़ रुपये के हवाला लेनदेन का पर्दाफाश किया गया। कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसियों ने 1,424 बैंक खातों को फ्रीज किया, जबकि 17.82 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गईं।
इस अभियान का उद्देश्य ड्रग्स की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और उससे होने वाले अवैध वित्तीय लेनदेन पर कार्रवाई करना है। तीन राज्यों में एक साथ की गई छापेमारी को पूर्वोत्तर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
अब जांच एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े लोगों, बैंक खातों और हवाला लेनदेन के संबंधों की पड़ताल कर रही हैं। इस कार्रवाई से ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क और उसके वित्तीय स्रोतों का पता लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

You may have missed