कांडी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, नौ घाटों पर तैनात रहेंगे गोताखोर

दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के लिए गोताखोरों की तैनाती एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश जारी करते बीडीओ राजेश कुमार।

प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट, नौ घाटों पर तैनात रहेंगे गोताखोर

लाइफ जैकेट और लाइफ सेविंग रिंग के साथ रहने का निर्देश, विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पंचायत कर्मियों को भी जिम्मेदारी

कांडी, गढ़वा। दुर्गा पूजा एवं विजयादशमी के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कांडी प्रखंड प्रशासन सतर्क है। प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने विसर्जन घाटों पर गोताखोरों की तैनाती करते हुए उन्हें 20 अक्टूबर 2026 को विसर्जन समाप्त होने तक आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, रामलखन चौधरी (मोबाइल 8002560054) सुंडीपुर, बनकट एवं खरौंधा घाट; जमींदार चौधरी (मोबाइल 9199115269) डूमरसोता एवं श्रीनगर घाट; मुकेश चौधरी (मोबाइल 9955977406) बरवाडीह एवं पतिला घाट; जयमूरल चौधरी (मोबाइल 7070580576) चटनिया डैम के समीप तथा अजय चौधरी (मोबाइल 9576287746) राणाडीह घाट पर तैनात रहेंगे।
सभी गोताखोरों को लाइफ जैकेट, लाइफ सेविंग रिंग सहित आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों के साथ अपने निर्धारित घाटों पर मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल बचाव कार्य किया जा सके।
इधर, प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय से ज्ञापांक 855, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश में पूजा पंडालों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्रीय कर्मियों, मुखिया, पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सेवक एवं पंचायत सहायकों को प्रशासन का सहयोग करने का निर्देश दिया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल बीडीओ को दूरभाष से सूचना देने तथा अशांति फैलाने की आशंका वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया है।
आदेश की प्रतिलिपि कांडी थाना प्रभारी, हरिहरपुर ओपी प्रभारी एवं गढ़वा के अनुमंडल पदाधिकारी को भी भेजी गई है। प्रशासन का उद्देश्य प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।