गिरिडीह का अलकापुरी चौक अब स्वर्गीय तिलकधारी प्रसाद सिंह चौक, मेयर प्रमिला मेहरा ने किया उद्घाटन

गिरिडीह में अलकापुरी चौक अब तिलकधारी सिंह चौक के नाम से जाना जाएगा, मेयर प्रमिला मेहरा ने किया उद्घाटन।

गिरिडीह। शहर के अलकापुरी चौक को अब स्वर्गीय तिलकधारी प्रसाद सिंह चौक के नाम से जाना जाएगा। शुक्रवार को गिरिडीह नगर निगम की ओर से चौक के नए नामकरण का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मेयर प्रमिला मेहरा, उपमेयर सुमित कुमार और दिवंगत नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार की पत्नी श्वेता शर्मा मौजूद रहीं।

शिक्षक से सांसद तक का रहा सफर

स्वर्गीय तिलकधारी प्रसाद सिंह झारखंड की राजनीति में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे। गिरिडीह जिले के देवरी प्रखंड अंतर्गत चतरो गांव में जन्मे तिलकधारी सिंह ने अपने करियर की शुरुआत शिक्षक के रूप में की थी। बाद में उन्होंने समाजसेवा और राजनीति में कदम रखा। वे हरियाडीह पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति प्रमुख और गिरिडीह जिला परिषद के अध्यक्ष भी रहे।

वर्ष 1980 में कांग्रेस के टिकट पर धनवार विधानसभा सीट से विधायक चुने जाने के बाद उन्होंने अपनी राजनीतिक पहचान बनाई। इसके बाद वर्ष 1984 और 1999 में कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से सांसद निर्वाचित हुए। उन्होंने गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सहित संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

ग्रामीण विकास के मुद्दों पर दिया जोर

तिलकधारी सिंह के राजनीतिक जीवन में सड़क, पुल-पुलिया और ग्रामीण संपर्क मार्गों का विकास प्रमुख मुद्दों में शामिल रहा। पंचायत स्तर से राजनीति की शुरुआत कर विधायक और सांसद तक का सफर तय करने वाले तिलकधारी सिंह का नाम अब गिरिडीह शहर के एक प्रमुख चौक से जुड़ गया है।

अलकापुरी चौक का नामकरण उनके लंबे राजनीतिक सफर और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान की स्मृति को शहर में एक नई पहचान देगा।

You may have missed