गिरिडीह में मुख्यमंत्री पशुधन विकास और जोड़ा बैल योजना के लाभुकों की सूची पर बैठक, डीसी ने दिए निर्देश
गिरिडीह। उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना (पशुपालन एवं गव्य प्रभाग) तथा जोड़ा बैल योजना के वित्तीय वर्ष 2026-27 के लाभुकों की सूची के अनुमोदन को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक की।
बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र लाभुकों के चयन और लाभ को सुयोग्य लाभार्थियों तक पहुंचाने संबंधी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लाभुक चयन में पूरी पारदर्शिता रखने और निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने तथा नियमित अनुश्रवण करने पर जोर दिया, ताकि पशुपालकों और किसानों को समुचित लाभ मिल सके।
उपायुक्त ने कहा कि इन योजनाओं से पशुपालकों की आजीविका सुदृढ़ होगी और जिले में पशुपालन गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सहायक समाहर्ता यश कुमार, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

