ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाए जाने पर भाजपा में हर्ष, रामलीला दुबे ने जताया आभार

किसान-मजदूर के बेटे ब्रजमोहन राम को राज्यपाल बनाए जाने पर भाजपा में हर्ष

रामलीला दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति जताया आभार, पूर्व सांसद को दी बधाई

कांडी (गढ़वा)। पलामू लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाए जाने पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलीला दुबे ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, महामहिम राष्ट्रपति एवं भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति पलामू प्रमंडल की ओर से आभार प्रकट किया है। साथ ही ब्रजमोहन राम को नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
रामलीला दुबे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि ब्रजमोहन राम का जीवन संघर्ष, सादगी और समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल है। चंदवा के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर उन्होंने मेहनत-मजदूरी करते हुए अपनी पढ़ाई पूरी की और शुरुआती दौर से ही गरीबों, किसानों एवं मजदूरों की आवाज बुलंद की। इसी संघर्ष और जनसेवा के संकल्प के साथ वे भारतीय जनता पार्टी से जुड़े और संगठन के प्रति निष्ठा रखते हुए लगातार जनता के बीच काम करते रहे।
उन्होंने कहा कि ब्रजमोहन राम के सरल, सहज, मृदुभाषी एवं विनम्र स्वभाव ने उन्हें जनता और संगठन दोनों के बीच लोकप्रिय बनाया। उनके संघर्ष और समर्पण को देखते हुए जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना और विधानसभा भेजा। बाद में वे पलामू लोकसभा क्षेत्र से दो बार सांसद निर्वाचित हुए। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने किसानों, मजदूरों, गरीबों और वंचितों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
रामलीला दुबे ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ब्रजमोहन राम ने अपने संघर्ष और मेहनत के बल पर राजनीति में अलग पहचान बनाई। पलामू लोकसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे पलामू प्रमंडल की जनता के साथ उनका गहरा जुड़ाव रहा है। जनता के इसी स्नेह और आशीर्वाद ने उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि एक सुदूर गांव से निकलकर देश के महत्वपूर्ण संवैधानिक पद तक पहुंचना ग्रामीण प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण का सम्मान है। ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाए जाने से पलामू प्रमंडल के लोगों में खुशी है। उन्होंने विश्वास जताया कि ब्रजमोहन राम अपनी नई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवैधानिक मर्यादा के साथ करेंगे।
अंत में रामलीला दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति एवं भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए ब्रजमोहन राम के सफल कार्यकाल की कामना की।

You may have missed