गिरिडीह में भाजपा का कार्यकर्ता मिलन समारोह, विभिन्न दलों के सैकड़ों लोगों ने थामा पार्टी का दामन
गिरिडीह। भारतीय जनता पार्टी गिरिडीह महानगर जिला अंतर्गत पीरटांड-हरलाडीह मंडल में गुरुवार को भव्य कार्यकर्ता मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेता, कार्यकर्ता और आदिवासी समाज के सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री सिकंदर हेमब्रम ने किया। सुनील बेसरा और गोविन्द हेमब्रम के नेतृत्व में आए नवागंतुकों का स्वागत पार्टी नेताओं ने अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर किया। मिलन समारोह की अगुवाई नुनी हांसदा और बुधन हेमब्रम ने की।
महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का भाजपा से जुड़ना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास एवं जनकल्याण के कार्यों का प्रभाव है। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के संकल्प से काम करने वाला संगठन है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज ने हमेशा राष्ट्र और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भाजपा आदिवासी समाज के सम्मान, अधिकार एवं विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने नए कार्यकर्ताओं से क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई दिशा पाई है। उन्होंने कहा कि गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और आदिवासी समाज के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की अनेक योजनाएं संचालित हो रही हैं।
जिला महामंत्री सिकंदर हेमब्रम ने कहा कि आदिवासी समाज के बीच भाजपा का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने नवागंतुक साथियों से संगठन को मजबूत करने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में दिनेश यादव, ई. विनय सिंह, चुन्नूकांत, सुरेश साव, मनोज साव, संजीव कुमार, सुरेश प्रसाद मंडल, रिंकी देवी, मुन्ना लाल उपाध्याय, सोमनाथ पाण्डेय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

