गिरिडीह के पेंशन लाभुकों के लिए राहत, एक सप्ताह में खातों में आएगी बकाया राशि
जिले के पेंशन लाभुकों के लिए राहत की खबर है। केंद्र प्रायोजित तीनों प्रमुख पेंशन योजनाओं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के लिए गिरिडीह जिले को राशि का आवंटन मिल गया है। विभागीय स्तर पर अब लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एक सप्ताह के भीतर पेंशन की राशि लाभुकों के खातों में जमा हो जाएगी।
पेंशन नहीं मिलने के कारण जिले के वृद्ध, विधवा और दिव्यांग लाभुक लंबे समय से परेशान थे। दिव्यांग पेंशन के लाभुकों को करीब छह माह से राशि नहीं मिली थी, जबकि वृद्धावस्था और विधवा पेंशन के लाभुक बीते तीन माह से पेंशन की प्रतीक्षा कर रहे थे। राशि का आवंटन होने के बाद अब लाभुकों को जल्द भुगतान की उम्मीद पूरी होने जा रही है।

