दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ को लेकर गिरिडीह नगर निगम ने कसी कमर, तैयारियों की समीक्षा
गिरिडीह। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर शहर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने को लेकर नगर निगम ने कमर कस ली है। महापौर प्रमिला मेहरा की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में सभी तैयारियों की समयबद्ध समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।
बैठक में उप महापौर सुमित कुमार, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा, उप नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त समेत नगर निगम के संबंधित विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे। चर्चा का मुख्य केंद्र आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा।
महापौर प्रमिला मेहरा ने निर्देश दिए कि दुर्गा पूजा और दीपावली के दौरान शहर के प्रमुख क्षेत्रों, पूजा पंडालों और उनके आसपास नियमित सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। कूड़ा-कचरा के समुचित उठाव और निष्पादन की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मियों और संसाधनों की तैनाती की जाएगी।
छठ पूजा को लेकर घाटों की साफ-सफाई, समतलीकरण, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नगर निगम प्रशासन द्वारा सभी विभागीय स्तरों पर समन्वय स्थापित करते हुए तैयारियों को गति देने की बात कही गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा करते हुए कार्यों की प्रगति से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पर्व-त्योहारों के दौरान शहर में साफ-सफाई एवं नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जा सके।

