गिरिडीह नगर निगम परिसर में धूमधाम से हुई भगवान विश्वकर्मा की पूजा, भंडारे में उमड़े लोग
गिरिडीह। नगर निगम के कर्मियों और चालकों द्वारा गुरुवार को टॉवर चौक स्थित पुराने नगर निगम परिसर में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना विधि-विधान और उत्साह के साथ संपन्न की गई। गुरुवार की सुबह से ही परिसर में चहल-पहल देखी गई और विशेष पूजा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सभी सफाई कर्मी और चालकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पूजा के बाद शुक्रवार को विधि-विधान के साथ प्रतिमा का जल विसर्जन किया गया, वहीं आज शनिवार को भव्य भंडारे का आयोजन कर बड़ी संख्या में लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में आम जन भी शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया, जिससे पर्व का सामुदायिक स्वरूप और भी सशक्त हुआ।
नगर निगम कर्मियों ने कहा गया कि ऐसे कार्यक्रम न केवल कर्मियों के बीच एकता बढ़ाते हैं, बल्कि निगम से जुड़े सभी सदस्यों में सकारात्मक संबंध स्थापित करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राज कुमार वर्मा ने की, जबकि कोषाध्यक्ष छोटू रविदास सहित शत्रुघ्न सिंह, अमित, पंकज, प्रदीप, भरत रविदास, धर्मेंद्र, बिरेंद्र, नंदलाल, राजू, रोहित, निरंजन, कृष्णा, प्रकाश, रामदेव और करू दास समेत नगर निगम के सभी चालक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पूजा को सफल बनाने में सहयोग दिया और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाया।

