झारखंड ग्रामीण बैंक पाटन शाखा में विशेष शिविर, दो लाभार्थियों को मिली ₹2-₹2 लाख की बीमा राशि
झारखंड ग्रामीण बैंक पाटन शाखा में विशेष शिविर, दो लाभार्थियों को मिली ₹2-₹2 लाख की बीमा राशि
पाटन (पलामू): झारखंड ग्रामीण बैंक, पाटन शाखा की ओर से शनिवार को विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और ऋण सुविधाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना यानी PMSBY के तहत दो दिवंगत बीमित ग्राहकों के आश्रितों को बीमा राशि प्रदान की गई। साकन पीढ़ी निवासी स्वर्गीय कमलेश कुमार सिंह के निधन के बाद उनकी नामित लाभार्थी पत्नी श्रीमती पूजा देवी को ₹2 लाख की बीमा राशि दी गई। वहीं, स्वर्गीय नबूना बीबी के निधन के बाद उनके पति दिलदार अंसारी को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJY )के तहत ₹2 लाख की बीमा राशि प्रदान की गई।
इस मौके पर बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण कुमार, शाखा प्रबंधक विकास कुमार, सहायक प्रबंधक अक्षिता कुमारी, कैसीयर अमित कुमार कार्यलय अनुचक कन्हैया रजक, बैंक शखी रेखा कुमारी,सहित बैंक के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना आम और ग्रामीण परिवारों के लिए महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना है। परिवार के किसी सदस्य की मृत्यु के बाद मिलने वाली बीमा राशि कठिन समय में आर्थिक सहारा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि बैंक का प्रयास है कि अधिक से अधिक पात्र ग्राहकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाए और बीमा दावों का त्वरित एवं संवेदनशील तरीके से निपटारा किया जाए।
वहीं, शाखा प्रबंधक विकास कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना प्रत्येक पात्र व्यक्ति के लिए बेहद उपयोगी है। उन्होंने ग्राहकों से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ लेने और समय पर बीमा योजना से जुड़ने की अपील की।
शिविर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन यानी NRLM के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। बैंक अधिकारियों ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों को बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं से जोड़ने से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर मिल सकते हैं।
इस दौरान बैंक अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को बैंक की विभिन्न ऋण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही अधिक से अधिक लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जुड़ने के लिए जागरूक और प्रोत्साहित किया गया।

