झुमरी तिलैया के स्कूल में POCSO जागरूकता, नुक्कड़ नाटक से बच्चों को बताए सुरक्षित रहने के उपाय
मॉडर्न पब्लिक स्कूल में POCSO जागरूकता पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन, छात्रों को बताया गया – सुरक्षित रहने के उपाय
मॉडर्न पब्लिक स्कूल, झुमरी तिलैया में बच्चों की सुरक्षा को लेकर POCSO अधिनियम पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम, टॉक शो और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को बड़े ही सरल और संवेदनशील तरीके से गुड टच-बैड टच, अनजान लोगों से सतर्कता, अपनी बात बेझिझक बड़ों से साझा करना और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। छात्रों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि हर बच्चे को अपने अधिकारों को जानना चाहिए और असुरक्षित महसूस होने पर तुरंत अपने शिक्षक और माता-पिता को बताना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य गुरु चरण वर्मा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा हमारी सबसे पहली जिम्मेदारी है। POCSO कानून के बारे में हर बच्चे और अभिभावक को जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। हमारा उद्देश्य बच्चों को डराना नहीं, बल्कि उन्हें इतना जागरूक और मजबूत बनाना है कि वे सही और गलत में फर्क समझ सकें। यदि बच्चा सुरक्षित है, तभी उसका भविष्य सुरक्षित है। वहीं विद्यालय की निर्देशिका संगीता शर्मा ने कहा कि एक अच्छे विद्यालय की पहचान केवल अच्छे अंकों से नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और संस्कारों से होती है। POCSO जैसी जानकारी आज के समय में हर बच्चे के लिए जीवन रक्षा कवच के समान है। मैं सभी अभिभावकों से भी अपील करती हूँ कि वे घर में भी बच्चों से खुलकर बात करें और उन्हें यह भरोसा दिलाएं कि हम हमेशा उनके साथ हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षिका कोमल घोष के द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं पूरा विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

