वज्रपात पीड़ित परिवार की मदद के लिए प्रशासन से गुहार

चैनपुर प्रखंड की सेमरा पंचायत अंतर्गत बला अहिया गांव में बीती रात तेज गर्जना के साथ हुए वज्रपात से संतोष यादव का घर गिर गया। हादसे में घर के अंदर बंधी पांच बकरियों की दबकर मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर युवा समाजसेवी लाडले हसन ने पीड़ित परिवार से संपर्क कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने अंचल अधिकारी एवं विधायक से बातचीत कर प्रभावित परिवार को जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

लाडले हसन ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में परिवार को काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में प्रशासन को मामले का संज्ञान लेकर पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। इस संबंध में विधायक आलोक कुमार चौरसिया से भी चर्चा की गई है।

घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।