खतियान में जाति संबंधी त्रुटि से परेशान लोहरा समाज, प्रमाण पत्र की समस्या को लेकर बैठक में उठी आवाज
मनिका- लातेहार में आदिवासी लोहरा समाज की बैठक मोहन लोहरा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। मुख्य अतिथि झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य राजेंद्र लोहरा रहे मौजूद। बैठक में आदिवासी लोहरा समाज के जाति प्रमाण पत्र बनाने में हो रही परेशानियों पर चर्चा किया गया। राजमोहन लोहरा समेत समाज के अन्य प्रबुध्दजनों ने कहा कि खतियान में त्रुटि के वजह से लोहरा समाज के जाति प्रमाण पत्र बनाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिस कारण लोहरा समाज के युवा पढ़ाई, नौकरी समेत कई जरूरी कार्यों में पिछड़ते जा रहे हैं। वहीं मुख्य अतिथि राजेंद्र लोहरा ने कहा कि इस गंभीर समस्या के बारे मे 10 सितंबर को हमने माननीय मुख्यमंत्री के नाम अपने लेटर पैड में लिखकर दिया है। आगे उन्होंने कहा की लातेहार जिला में लोहरा आदिवासी समुदाय के अनेक परिवारों के पुराने भूमि अभिलेख खतियान में जाति के स्थान पर लोहार दर्ज है। इसके कारण वर्तमान समय में लोहरा समुदाय के लोगों को अपना जाति प्रमाण पत्र बनवाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। और वास्तविक रूप से लोहरा समुदाय से संबंधित पात्र लोगों को प्रमाण पत्र प्राप्त करने में परेशानी होती है। इसका असर नौकरी के अभ्यर्थियों तथा सरकारी एवं योजनाओं का लाभ लेने वाले लोगों पर भी पड़ रहा है। जिन लोहरा आदिवासी परिवारों के भूमि अभिलेख खतियान में पुराने समय से लोहार दर्ज है। उनके अन्य वैध सरकारी एवं पारिवारिक अभिलेखों की नियमानुसार जांच कर जाति प्रमाण- पत्र बनाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके। साथ ही जहां भूमि अभिलेख में जाति संबंधी प्रविष्टि में त्रुटि पाई जाती है। वहां नियमानुसार अभिलेख सुधार की प्रक्रिया भी निर्धारित की जाए। ताकि भविष्य में लोहरा समुदाय के लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनाने में कठिनाई न हो। मौके पर प्रवीण लोहरा, मनोज लोहरा, सीताराम लोहरा, दिवनाथ लोहरा, संजय लोहरा समेत अनेकों लोग उपस्थित थे।

