गणेश चतुर्थी को लेकर पचम्बा थाना में शांति समिति की बैठक

गिरिडीह। गणेश चतुर्थी को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पचम्बा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

बैठक में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान जुलूस के निर्धारित रूट और समय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने जुलूस के दौरान आपत्तिजनक गाने नहीं बजाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। साथ ही सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने का आग्रह किया गया।

बैठक की अध्यक्षता साइबर थाना प्रभारी सह पचम्बा थाना इंस्पेक्टर के प्रभार में रहे रामेश्वर महतो ने की, जबकि पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में बैठक संपन्न हुई। मौके पर अनिल गुप्ता, समरीदीप, नूर अहमद, सिराज अंसारी समेत कई लोग मौजूद रहे।