पाटन थाना पहुंचे SP कपिल चौधरी, पुलिस व्यवस्था और अपराध नियंत्रण का लिया जायजा

पाटन थाना पहुंचे एसपी कपिल चौधरी, पुलिस व्यवस्था और अपराध नियंत्रण का लिया जायजा!

पाटन (पलामू): पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने शनिवार को पाटन थाना का निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, थाना के कामकाज और अपराध नियंत्रण की स्थिति का जायजा लिया। थाना पहुंचने पर एसपी ने पुलिस जवानों की परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर स्थित हेलीपैड, पुराने थाना भवन और पुलिस पदाधिकारियों के आवास का जायजा लिया। उन्होंने परिसर की साफ-सफाई, रख-रखाव और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन कर उनके संधारण की स्थिति की भी जांच की।

एसपी कपिल चौधरी ने पुलिस पदाधिकारियों से थाना के कामकाज और क्षेत्र की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में नियमित और प्रभावी गश्ती सुनिश्चित करने, लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने तथा अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करे। साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया।

एसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने तथा क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ राजेश यादव, पाटन थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी, पुअनि आदित्य प्रसाद, जितेंद्र कुमार यादव, अनिल कुमार सिंह, किशुनपुर ओपी प्रभारी चंद्रशेखर यादव, सअनि प्रभात किरण, मिथुन कुमार रवि, सुरेंद्र राम, मुखदेव चौधरी, अमरेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।