प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 5 की मौत

प्रयागराज-कौशांबी बॉर्डर पर पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 5 की मौत

2 बच्चों समेत 5 लोगों की गई जान, 15 झुलसे; 8 मकान क्षतिग्रस्त, 3 पूरी तरह जमींदोज

कौशांबी/प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में सोमवार को प्रयागराज और कौशांबी सीमा के पास एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरी पटाखा फैक्ट्री जमींदोज हो गई। धमाके से करीब 100 मीटर के दायरे में स्थित आठ मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें तीन मकान पूरी तरह ढह गए।

दोपहर साढ़े 12 बजे हुआ हादसा

हादसा सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ। यह गांव प्रयागराज जिले की सीमा से सटा हुआ है। घटनास्थल से मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन की दूरी करीब दो किलोमीटर बताई जा रही है।

विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका

पुलिस, एयरफोर्स, NDRF और SDRF के करीब 200 जवान राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हैं। मलबा हटाने के लिए 10 बुलडोजर लगाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि फैक्ट्री और आसपास के ढहे मकानों के मलबे में कुछ लोग दबे हो सकते हैं।

रेस्क्यू टीम लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही हादसे में हुई कुल जनहानि की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका के चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं और विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।