लोंगा में पानी से भरी टंकी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत
लोंगा में पानी से भरी टंकी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
भरनो (गुमला)। भरनो थाना क्षेत्र के लोंगा गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरी बाथरूम की टंकी में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान लोंगा गांव निवासी अरमान अंसारी (9 वर्ष), पिता असलम अंसारी और जैद अंसारी (5 वर्ष), पिता मिनारूल अंसारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, अरमान अंसारी राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोंगा में कक्षा तीन का छात्र था, जबकि जैद अंसारी भी इसी विद्यालय में कक्षा एक में पढ़ता था। हालांकि, उसका विद्यालय में नामांकन नहीं हुआ था। दोनों बच्चों के बीच गहरी दोस्ती थी।
बताया जाता है कि शनिवार को दोनों बच्चे स्कूल नहीं गए थे और घर के आसपास ही खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते दोनों घर के समीप निर्माणाधीन बाथरूम की टंकी के पास पहुंच गए। परिजनों ने बाथरूम की टंकी बनाने के लिए गड्ढा खोदकर उसमें ईंट की जोड़ाई का काम शुरू किया था, लेकिन गड्ढे को खुला छोड़ दिया गया था। लगातार हो रही बारिश के कारण गड्ढा पानी से पूरी तरह भर गया था।
खेलने के दौरान दोनों बच्चे पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। पानी अधिक होने के कारण दोनों उसमें डूब गए और उनकी मौत हो गई।
काफी देर तक दोनों बच्चों के घर के आसपास नजर नहीं आने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान टंकी के पास दोनों बच्चों की चप्पल दिखाई दी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने टंकी के अंदर तलाश की, जहां दोनों बच्चों के शव पानी में मिले।
दोनों मासूमों के शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। बच्चों की माताएं दहाड़ मारकर रोने लगीं। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।



