शिव मंदिर की दूसरी वर्षगांठ पर धार्मिक अनुष्ठान, श्रद्धालुओं ने किया रुद्राभिषेक
मेराल प्रखंड के रेजो गांव स्थित चौबे टोला के शिव मंदिर में शिव मंदिर निर्माण की दूसरी वर्षगांठ एवं बाबा राजकुमार चौबे के स्मृति के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। इसके बाद 24 घंटे का श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ प्रारंभ किया गया, जिसमें चौबे परिवार सहित ग्रामीण श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अखंड पाठ के दौरान श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से श्रीरामचरितमानस का पाठ कर भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके जीवन चरित्र का स्मरण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव एवं श्रीराम से परिवार तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
अखंड रामचरितमानस पाठ के समापन के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आचार्य किशोर मिश्रा के द्वारा हवन कराया गया। हवन में मुख्य यजमान के रूप में मनीष चौबे अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। इसके अलावा समस्त चौबे परिवार ने पूजन-पाठ में भाग लेकर धार्मिक अनुष्ठान को संपन्न कराया। आचार्य द्वारा वैदिक मंत्रों के बीच विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन कराया गया।
आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों ने बाबा राजकुमार चौबे को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। परिवार के सदस्यों ने कहा कि मंदिर निर्माण की दूसरी वर्षगांठ पर धार्मिक अनुष्ठान आयोजित करने का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक आस्था एवं सामाजिक एकजुटता को मजबूत करना है। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन में रामनारायण चौबे, मदन बिहारी चौबे,लाल मुनी चौबे,परशुराम चौबे, महिंद्रा प्रसाद शुक्ला, श्याम नारायण चौबे ,सच्चिदानंद चौबे ,अलख नारायण चौबे,रामाशंकर चौबे,सुर्यदेव चौबे , अवध किशोर चौबे,ब्रह्मानंद चौबे, राजीव रंजन चौबे,प्रशांत चौबे , गौतम कुमार चौबे, अंबेश चौबे, चंदन चौबे,विपुल चौबे ,कार्तिक चौबे, अनूप कुमार शुक्ला,अरविंद शुक्ला सहित अन्य लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

