पलामू के 17 थाना क्षेत्रों के स्कूलों में कानून जागरूकता अभियान, छात्रों को BNS और साइबर अपराध की जानकारी

पलामू के 17 थाना क्षेत्रों के स्कूलों में कानून जागरूकता अभियान, छात्रों को BNS और साइबर अपराध की जानकारी

पलामू: पुलिस अधीक्षक, पलामू के निर्देश पर 24 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए व्यापक कानून जागरूकता अभियान चलाया गया। जिले के 17 थाना क्षेत्रों के विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 समेत विभिन्न कानूनों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।

जागरूकता कार्यक्रम हरिहरगंज थाना, महिला थाना छतरपुर, पांकी, रेहला, नवगढ़ा ओपी, महिला थाना हुसैनाबाद, हुसैनाबाद थाना, पड़वा, मोहम्मदगंज, ऊंटारी रोड, विश्रामपुर, तरहसी, नवाजयपुर, लठया पिकेट, सदर थाना और मनातू थाना क्षेत्र के विद्यालयों में आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को कानून एवं अपराध, पुलिस की भूमिका, महिला एवं बाल सुरक्षा, डायन-भूत प्रतिषेध अधिनियम, POCSO Act, साइबर अपराध और सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।

पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचने, सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने और महिला एवं बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए जागरूक किया। साथ ही किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

पुलिस के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को कानून के प्रति जागरूक और सजग बनाना तथा अपराध से बचाव एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना है।