गिरिडीह में ABVP नेता मंटू मुर्मू को लेकर विवाद, भाई ने लगाए राजनीतिक इस्तेमाल के आरोप
गिरिडीह में ABVP नेता मंटू मुर्मू को लेकर विवाद, भाई ने लगाए राजनीतिक इस्तेमाल के आरोप
गिरिडीह: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू को लेकर रविवार को परिवार और राजनीतिक संगठनों के बीच बयानबाजी तेज हो गई।
मंटू मुर्मू के बड़े भाई प्रेमचंद मुर्मू ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि भाजपा उनके भाई का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि मंटू को पढ़ाई पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक गतिविधियों में आगे किया जा रहा है। प्रेमचंद ने मंटू से पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील भी की।
वहीं, मंटू मुर्मू ने अपने भाई के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में गिरिडीह कॉलेज में पढ़ाई के दौरान वे एनसीसी से जुड़े थे। इसी दौरान उनका संपर्क ABVP कार्यकर्ताओं से हुआ और बाद में उन्होंने अपनी इच्छा से संगठन से जुड़ने का फैसला लिया।
मंटू ने आरोप लगाया कि उनके भाई झामुमो के दबाव में यह बयान दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन पर किसी राजनीतिक दल का कोई दबाव नहीं है और वह आगे भी ABVP से जुड़े रहेंगे।
इस पूरे मामले को लेकर गिरिडीह में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के कारण मामला चर्चा में बना हुआ है।

