‘मोबाइल गुरु’ से बच्चों की गणितीय दक्षता होगी मजबूत

गिरिडीह। जिले में प्राथमिक विद्यालयी बच्चों की बुनियादी गणितीय दक्षता और डिजिटल शिक्षण के संयोजन के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ‘मोबाइल गुरु’ कार्यक्रम आज प्रारम्भ किया। यूथ इंपैक्ट के सहयोग से संचालित इस पहल के तहत बेंगाबाद एवं गांडेय प्रखंडों में स्कूल समय के बाद शिक्षकों द्वारा मोबाइल के माध्यम से कक्षा 3 से 5 के बच्चों को अतिरिक्त गणितीय शिक्षा दी जाएगी।
प्रशिक्षण में सम्मिलित 100 शिक्षकों को दो अंकों के जोड़, घटाव, गुणा और भाग जैसी बुनियादी गणितीय कुशलताओं को सुदृढ़ करने वाली मोबाइल आधारित शिक्षण सामग्रियों के प्रभावी उपयोग के लिए तैयार किया गया है। प्रशिक्षित शिक्षक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बच्चों को सरल, सहज एवं रुचिकर तरीके से अभ्यास कराएँगे ताकि उनकी समझ व सीखने की गति में सुधार हो सके।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और तकनीक का रचनात्मक उपयोग कर उन्हें अतिरिक्त सीखने के अवसर दिए जा सकते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि ‘मोबाइल गुरु’ जैसी पहलों से सीखने के परिणामों में सुधार आएगा और शिक्षकों से अपील की कि वे मोबाइल आधारित संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर नियमित अभ्यास और बच्चों की प्रगति पर विशेष ध्यान दें। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की नियमित निगरानी व प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी कार्यक्रम के शुभारंभ के अवसर पर मौजूद थे। प्रशासन के अनुसार यह पहल न केवल गणितीय दक्षता मजबूत करने में मददगार होगी बल्कि स्कूलों में डिजिटल तकनीक के शैक्षणिक उपयोग को भी बढ़ावा देगी।