राजीव गांधी की जयंती पर हुसैनाबाद मध्य विद्यालय में मनाया गया सद्भावना दिवस

राजीव गांधी की जयंती पर हुसैनाबाद मध्य विद्यालय में मनाया गया सद्भावना दिवस

हुसैनाबाद, पलामू :देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती गुरुवार को मध्य विद्यालय परिसर में सद्भावना दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
प्रत्येक दिन की तरह विद्यालय में आयोजित मॉर्निंग असेम्बली की शुरुआत प्रार्थना, राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान और संविधान की प्रस्तावना के वाचन से हुई। इसके बाद विद्यालय पट्ट पर अंकित सामान्य ज्ञान की पुनरावृत्ति कराई गई। तत्पश्चात जेसीईआरटी द्वारा प्रेषित न्यूज एवं क्विज कंटेंट का वाचन विद्वत भाषायी शिक्षिका सुषमा पांडेय ने किया।उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि राजीव गांधी देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने और वर्ष 1984 से 1989 तक प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया। सूचना प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार क्रांति, पंचायतीराज, स्थानीय स्वशासन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, महिला सशक्तिकरण, नवोदय विद्यालयों के विस्तार तथा 18 वर्ष के युवाओं को मताधिकार जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों में उनके योगदान को रेखांकित किया गया।
सुषमा पांडेय ने कहा कि राजीव गांधी का सपना आधुनिक, शिक्षित, प्रगतिशील और सशक्त भारत का निर्माण करना था। उनकी जयंती को सद्भावना दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, शांति, प्रेम और सांप्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देना है। उन्होंने विद्यालय परिवार से उनके आदर्शों पर चलने की अपील की।श्रद्धांजलि सभा में एच.एम. कन्हैया प्रसाद, वरीय सहायक अध्यापक राजेश गुप्ता, राजेश कुमार सिन्हा ,शिक्षिकाओं में आशा कुमारी, पूनम कुमारी व रश्मि प्रकाश भी उपस्थित थी।