गिरिडीह में जर्जर सड़क के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन, मानव श्रृंखला बनाकर उठाई आवाज
गिरिडीह। तेलोडीह पंचायत के निवासियों ने आज बुधवार को टूटी-फूटी सड़कों के खिलाफ जोरदार विरोध जताया और मुखिया शब्बीर आलम के नेतृत्व में मानव श्रृंखला बनाकर प्रशासन से तत्काल मरम्मत व नए सड़क निर्माण करने की मांग की। पेट्रोल पंप से फॉरेस्ट कॉलोनी तक पैदल मार्च में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, बुजुर्ग, युवा तथा बच्चे शामिल रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत की मुख्य सड़क करीब दो वर्षों से जर्जर है और जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। खासकर बरसात के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं जिससे आपूर्ति और चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच प्रभावित हो रही है। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से लिखित आश्वासन देने और शीघ्र कार्यवाही की मांग की।
मुखिया शब्बीर आलम ने कहा, “यदि हमारी समस्याओं का त्वरित समाधान नहीं हुआ तो हम चरणबद्ध आंदोलन करेंगे और जरूरत पड़ी तो भूख हड़ताल भी करेंगे।” मौके पर पहुंची कुछ महिलाओं ने बच्चों की पढ़ाई व स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रभाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि खराब सड़क होने के कारण गड्डों में बरसात के समय पानी जमा हो जाता है, और बच्चे पैदल स्कूल जाते है तो उनकी यूनिफॉर्म गंदे हो जाते हैं, जिस वजह से बच्चे स्कूल नहीं जाना चाहते हैं। सभी ने जल्द कार्रवाई की माँग की है।

