KK वर्मा कॉलेज में दूसरे दिन भी हंगामा, प्रैक्टिकल फीस के नाम पर ₹300 वसूली का आरोप
गिरिडीह के बेरगी स्थित KK वर्मा इवनिंग डिग्री कॉलेज में छात्रों का लगातार दूसरे दिन भी हंगामा देखने को मिला। छात्रों और आजसू छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए प्रैक्टिकल के नाम पर 300 रुपये लिए जाने का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि उनसे यह राशि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से ली जा रही है, लेकिन इसके बदले कोई रसीद नहीं दी जा रही है।
छात्रों ने सवाल उठाया कि कॉलेज में जमा किए जाने वाले प्रत्येक शुल्क की रसीद दी जाती है, तो फिर प्रैक्टिकल के नाम पर ली जा रही राशि की रसीद क्यों नहीं दी जा रही है। छात्रों ने आरोप लगाया कि अजय नामक व्यक्ति द्वारा यह राशि वसूली जा रही है। इसको लेकर छात्रों में नाराजगी है और उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की है।
हंगामा कर रहे छात्रों और आजसू छात्र नेताओं का कहना है कि फीस वसूली में पारदर्शिता होनी चाहिए। उनका आरोप है कि बिना रसीद के पैसे लिए जाने से छात्रों के बीच कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन से स्पष्ट जानकारी देने और प्रत्येक भुगतान की विधिवत रसीद उपलब्ध कराने की मांग की।
वहीं, कॉलेज के प्रिंसिपल किशोर वर्मा ने बताया कि छात्रों से डेवलपमेंट के नाम पर राशि ली जा रही है। जब उनसे इस राशि की रसीद के संबंध में सवाल किया गया तो उन्होंने स्वीकार किया कि फिलहाल छात्रों को रसीद उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि रसीद दे दी जाएगी।
फिलहाल फीस वसूली और रसीद को लेकर छात्रों का विरोध लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन से मामले में स्पष्टता और पारदर्शिता बरतने की मांग की है।

