तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति के जज्बे से गूंजा गुमला, विद्यार्थियों ने निकाला तिरंगा मार्च
तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति के जज्बे से गूंजा गुमला, विद्यार्थियों ने निकाला तिरंगा मार्च
गुमला। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (माई भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, गुमला के तत्वावधान में एस.एस. +2 स्कूल, डी.एस.पी. रोड, गुमला में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष किया तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा तिरंगा मार्च निकाला गया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी पुलकित खुराना ने युवाओं को भारतीय ध्वज संहिता-2002 (फ्लैग कोड ऑफ इंडिया) उपलब्ध कराई। इसके माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज फहराने, उसके सम्मान और उचित उपयोग से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई, ताकि तिरंगे के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना और मजबूत हो सके।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ मनाएंगे तथा अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम के प्रति जागरूक करेंगे।

