गिरिडीह में पेयजल योजनाओं की समीक्षा, डीसी ने समय पर काम पूरा करने के दिए निर्देश

गिरिडीह। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल सुनिश्चित करने तथा जल जीवन मिशन व स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-II के अंतर्गत संचालित योजनाओं को समयबद्ध पूरा कराने के लिए उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंडवार व योजना वार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, संचालन व रख-रखाव पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए तथा पूर्ण परियोजनाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित रहे।
उन्होंने जिले भर के विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों में पेयजल की उपलब्धता व कार्यशीलता का संस्थानवार सर्वे व सत्यापन कराने के निर्देश दिए। जहां पेयजल सुविधा अनुपलब्ध या कार्यशील नहीं है, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कनीय अभियंता, प्रखंड समन्वयक व जल गुणवत्ता कर्मियों को क्षेत्र भ्रमण कर प्रतिवेदन पेश करने कहा गया।
उपायुक्त ने जल गुणवत्ता की नियमित जांच व प्रभावी निगरानी पर जोर दिया और कहा कि गुणवत्ता संबंधी किसी भी समस्या पर त्वरित कार्रवाई की जाए। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-II के तहत ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबंधन, ODF Plus मॉडल विलेज व स्वच्छता गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता व समयबद्धता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सहायक समाहर्ता यश कुमार, कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।