गिरिडीह कॉलेज में NCC फॉर्म के नाम पर ₹200 वसूली का आरोप, NSUI ने जताया विरोध

गिरिडीह कॉलेज में NCC फॉर्म के नाम पर ₹200 वसूली का आरोप, NSUI ने जताया विरोध

गिरिडीह कॉलेज में NCC फॉर्म के नाम पर छात्र-छात्राओं से ₹200 लिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप को लेकर NSUI के जिला अध्यक्ष विनीत भास्कर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कॉलेज पहुंचकर प्राचार्य एम.एन. सिंह और NCC प्रभारी प्रो. विनिता कुमारी के समक्ष विरोध दर्ज कराया। NSUI ने दावा किया कि करीब 5 से 7 छात्रों से ₹200-₹200 लिए गए। संगठन ने मांग की कि यदि कोई शुल्क निर्धारित है तो उसकी आधिकारिक सूचना, सक्षम प्राधिकारी का आदेश और छात्रों को रसीद उपलब्ध कराई जाए।

NSUI ने प्राचार्य को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच, अनधिकृत वसूली की पुष्टि होने पर कार्रवाई और छात्रों की राशि वापस कराने की मांग की है। वहीं प्राचार्य एम.एन. सिंह ने बताया कि पुराने NCC कैडरों द्वारा पैसे लिए जाने की जानकारी सामने आई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने जांच के लिए दो दिन का समय लिया है। NCC प्रभारी प्रो. विनिता कुमारी ने कहा कि उन्हें वसूली की जानकारी नहीं थी और जांच में कॉलेज प्रशासन को पूरा सहयोग दिया जाएगा।