JPSC छात्रों की मांगों पर जल्द समाधान की अपील, कमलेश यादव ने CM हेमंत सोरेन से की पहल की मांग

JPSC छात्रों की मांगों पर जल्द समाधान की अपील, कमलेश यादव ने CM हेमंत सोरेन से की पहल की मांग

हरिहरगंज (पलामू)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सह हुसैनाबाद विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कमलेश कुमार यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से JPSC अभ्यर्थियों की मांगों पर जल्द पहल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छात्र पिछले 16 दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार को समय रहते छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, ताकि आंदोलन आगे उग्र रूप न ले।

कमलेश यादव ने कहा कि युवाओं की ओर से गठित 11 सदस्यीय कमेटी को विधानसभा में बुलाकर छात्रों की मांगों पर बातचीत की जाए और समाधान निकाला जाए। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन में राजनीतिक दलों के शामिल होने से स्थिति बिगड़ सकती है। ऐसे में सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच सीधे संवाद के जरिए समस्या का समाधान किया जाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दे को राजनीतिक मुद्दा बनने से रोकने के लिए सरकार को संवेदनशीलता के साथ पहल करनी चाहिए। कमलेश यादव ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि छात्र प्रतिनिधियों को जल्द बातचीत के लिए बुलाकर उनकी मांगों पर उचित निर्णय लिया जाए।

उन्होंने कहा कि समय रहते समाधान नहीं होने पर आंदोलन का स्वरूप बड़ा हो सकता है। इसलिए सरकार को किसी भी संभावित तनावपूर्ण स्थिति से पहले संवाद और सहमति के माध्यम से छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।