मॉडर्न पब्लिक स्कूल में गूंजे संस्कृत के श्लोक, विद्यार्थियों ने बटोरीं तालियां

मॉडर्न पब्लिक स्कूल में गूंजे संस्कृत के श्लोक, विद्यार्थियों ने बटोरीं तालियां
मॉडर्न पब्लिक स्कूल के सभागार में आज ‘वाग्भूषण सभा’ के तत्वावधान में कक्षा नवम (A एवं B) के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य “श्लोक उच्चारण प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में छात्रों ने संस्कृत श्लोकों के शुद्ध उच्चारण और उनके अर्थ की सुंदर प्रस्तुति से सभागार में मौजूद सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विद्यालय प्रबंधन द्वारा इस प्रतियोगिता के आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों में देववाणी संस्कृत भाषा के प्रति रुचि पैदा करना और श्लोकों के माध्यम से उनमें नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों का विकास करना था। प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार, प्रत्येक प्रतिभागी को मंच पर आकर 4 से 5 मिनट में संस्कृत श्लोक का शुद्ध वाचन करने के साथ-साथ उसका हिंदी अर्थ स्पष्ट करना भी अनिवार्य था। निर्णायक मंडल ने छात्रों का मूल्यांकन उनके उच्चारण, प्रस्तुति, आत्मविश्वास और अर्थ की स्पष्टता के आधार पर किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम के अंत में सम्मानित किया गया। कक्षा में श्रीजा लोहानी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, जबकि हरजस कौर को द्वितीय और सारांश अग्रवाल को तृतीय स्थान मिला। इसके साथ ही शीवम राणा को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य गुरु चरण वर्मा ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा, “संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि हमारी पहचान और संस्कृति की आत्मा है। श्लोकों के नियमित उच्चारण से बच्चों की स्मरण शक्ति, एकाग्रता और पूरे व्यक्तित्व का विकास होता है। हमारा विद्यालय ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ संस्कारवान बनाने का निरंतर प्रयास करता रहेगा।”

वहीं विद्यालय की निदेशिका ने विद्यार्थियों की हौसलाअफजाई करते हुए कहा, “आज बच्चों ने जिस आत्मविश्वास और स्पष्टता के साथ मंच पर श्लोक प्रस्तुत किए, वह अत्यंत सराहनीय है। मुझे गर्व है कि हमारे विद्यार्थी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़कर आगे बढ़ रहे हैं।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों और मार्गदर्शक शिक्षकों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य एवं निदेशिका द्वारा सभी विजेताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस पूरे कार्यक्रम का सफल संयोजन, मार्गदर्शन और मंच संचालन विद्यालय के शिक्षक जयतोष झा द्वारा किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।