गिरिडीह में क्राइम मीटिंग, एसपी ने अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के जल्द निष्पादन के दिए निर्देश
गिरिडीह में अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी डॉ. बिमल कुमार ने शनिवार को पपरवाटांड़ स्थित समाहरणालय सभाकक्ष में क्राइम मीटिंग की। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित कांडों और अपराध नियंत्रण की विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ने लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने, वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने और नियमित गश्ती व्यवस्था को मजबूत बनाने का निर्देश दिया। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने तथा अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में डीएसपी नीरज सिंह, आरके राणा, विभिन्न अनुमंडलों के एसडीपीओ सहित नगर, मुफ्फसिल, पंचंबा, बेंगाबाद, पीरटांड़, मधुबन, जमुआ और बगोदर थाना प्रभारी मौजूद रहे। एसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

