अहीर गुरहा में चेकडैम निर्माण फिर शुरू, विभाग और ग्रामीण कर रहे गुणवत्ता की निगरानी

पांकी (पलामू)। पांकी प्रखंड के अहीर गुरहा में चेकडैम का निर्माण कार्य एक बार फिर शुरू कर दिया गया है। इस बार निर्माण विभागीय कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों की निगरानी में कराया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान में निर्धारित मानकों के अनुरूप सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे लोगों ने संतोष जताया है। कुछ दिन पूर्व निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत सामने आने और खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने मामले का संज्ञान लिया था।

विभागीय अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण करने के बाद कथित रूप से घटिया पत्थरों को हटवाते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगा दी थी। विभाग के जेई आलोक कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर मौजूद घटिया पत्थरों को हटवाया गया और संवेदक को प्राक्कलन एवं निर्धारित मानकों के अनुसार ही काम करने का सख्त निर्देश दिया गया। अब निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने के बाद स्थानीय ग्रामीण भी इसकी गुणवत्ता पर नजर रख रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि चेकडैम का निर्माण समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा होने पर क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था बेहतर होने के साथ जलस्तर में सुधार की संभावना है। इससे किसानों की मानसून पर निर्भरता कम करने और फसल उत्पादन बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है। मौके पर मौजूद रामावतार उरांव, उपेंद्र उरांव, रामू उरांव, उदित राम, जितेंद्र उरांव, नागेश्वर उरांव और धरम उरांव सहित अन्य ग्रामीणों ने मांग की कि निर्माण पूरा होने तक विभाग गुणवत्ता की नियमित निगरानी जारी रखे।