हरिहरगंज में नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में युवक गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में भेजा गया जेल
हरिहरगंज (पलामू)। हरिहरगंज थाना क्षेत्र के पथरा पिकेट अंतर्गत सरसोत गांव निवासी एक युवक को 12 वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले को लेकर हरिहरगंज थाना में कांड संख्या 139/26 दर्ज किया गया है।
हरिहरगंज पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी देवव्रत पोदार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार अनुसंधान के दौरान उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी ने कहा कि बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर पुलिस गंभीर है और ऐसे मामलों में कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग की पहचान और उससे जुड़ी ऐसी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, जिससे उसकी पहचान उजागर हो सके।
संवाददाता : मनोज कुमार गुप्ता, हरिहरगंज

