11 ऑपरेशन के बाद मिली नई जिंदगी! AIIMS देवघर में न्यूरोसर्जरी से जितेंद्र को राहत
11 बार सिर का ऑपरेशन, लाखों रुपये खर्च… आखिर AIIMS देवघर में मिली राहत ।
गिरिडीह के मधुबन निवासी 30 वर्षीय जितेंद्र कुमार की कहानी किसी संघर्ष से कम नहीं है।
करीब चार वर्ष पहले तेज सिरदर्द और उल्टी की शिकायत शुरू हुई। पहले गिरिडीह, फिर धनबाद, रांची और बाद में बेंगलुरु के बड़े अस्पताल में इलाज हुआ। वहां पता चला कि दिमाग में ट्यूमर है और नस फट गई है। ऑपरेशन हुआ, जिस पर लगभग 11 लाख रुपये खर्च हुए।कुछ महीनों बाद फिर वही दर्द लौट आया।
इसके बाद वेल्लोर में करीब 25 लाख रुपये का खर्च बताया गया। दिल्ली एम्स भी गए, लेकिन भीड़ ज़्यादा के कारण डॉक्टर से परामर्श तक नहीं मिल सका। इस दौरान बेंगलुरु, रांची और धनबाद में मिलाकर जितेंद्र के सिर का 11 बार ऑपरेशन किया गया। लेकिन फायदा कुछ नहीं । परिवार लगभग हताश हो चुका था ।
आखिरकार किसी की सलाह पर परिवार AIIMS देवघर पहुंचा। वहां न्यूरोसर्जन डॉ. अनिल कुमार ने अप्रैल में ऑपरेशन किया और दवा शुरू की ।
जितेंद्र के पिता अशोक चौधरी का कहना है कि आज उनका बेटा पहले से काफी बेहतर है। मामूली खर्च में इलाज हुआ और फिलहाल दवा चल रही है।
परिजनों का कहना है कि प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. अनिल कुमार जो गिरीडीह के रहने वाले है, हर मरीज की बात ध्यान से सुनते हैं और इलाज में पूरा समय देते हैं। एम्स देवघर में सोमवार और शुक्रवार का उनका ओपीडी रहता है ।
यह जानकारी मरीज के पिता अशोक चौधरी द्वारा साझा किए गए अनुभव पर आधारित है।

