तरहसी प्रखंड में 7 स्वास्थ्य उपकेंद्रों व नए पंचायत भवन का शिलान्यास, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति
तरहसी प्रखंड में 7 स्वास्थ्य उपकेंद्रों व 1 पंचायत भवन का हुआ शिलान्यास
जिला परिषद अध्यक्ष उपाध्यक्ष समेत पूरे पलामू जिले के जिला परिषद सदस्य व अधिकारी शिलान्यास कार्यक्रम में हुए शामिल
तरहसी:
क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रशासनिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, रविवार को तरहसी प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में कुल सात स्वास्थ्य उपकेंद्रों और एक नए पंचायत भवन के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई।
इस शिलान्यास कार्यक्रम में पलामू जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा कुमारी, उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य ,कृष्णा सिंह,रूपवंती देवी, निधि सिंह, खुशबू कुमारी व प्रतिनिधि मुकेश सिंह चंदेल के अलावा क्षेत्र के सभी सम्मानित जिला परिषद सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि विशेष रूप से शामिल हुए। सर्वप्रथम कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के आगमन पर उन्हें पुष्प गुच्छ देकर भव्य तरीके से स्वागत के साथ की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्राप्त आधिकारिक शिड्यूल और सूची के अनुसार निम्नलिखित स्थानों पर योजनाओं की आधारशिला रखी गई जिसमें सर्वप्रथम स्वास्थ्य उपकेंद्र जूरू,स्वास्थ्य उपकेंद्र सेलारी,स्वास्थ्य उपकेंद्र उदयपुरा-1,स्वास्थ्य उपकेंद्र मंझौली-2,स्वास्थ्य उपकेंद्र सोनपुरा, व नया पंचायत भवन नवगढ़ ,स्वास्थ्य उपकेंद्र कसमार
,स्वास्थ्य उपकेंद्र गोईंदी का शिलान्यास किया गया।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने बताया कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से तरहसी प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक सुगम हो जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं त्वरित रूप से मिल सकेंगी। इसके साथ ही, नवगढ़ में नए पंचायत भवन के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों और ग्रामीण विकास योजनाओं के संचालन में भी काफी सुविधा होगी।
मौके पर कार्यक्रम में जिले के कई जिला परिषद सदस्य, प्रशासनिक अधिकारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

