पलामू में 5 करोड़ के राशन घोटाले का आरोप, उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज

पलामू में करोड़ों रुपए के राशन घोटाले की उच्चस्तरीय जांचकर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए: झारखण्ड क्रांति मंच

नौडीहा बाजार/पप्पू यादव

झारखण्ड क्रांति मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने मेदिनीनगर में प्रेस बयान जारी कर कहा है कि पलामू के पिछले जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू के कार्यकाल में अंजाम दिए गए करोड़ों रुपए के राशन घोटाले की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कर गरीबों के निवाला छीननेवाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
बयान में उन्होंने कहा है कि पलामू से जाते-जाते डीएसओ प्रीति किस्कू व झारखण्ड खाद्य निगम अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से लगभग 14000 क्विंटल राशन जिसका बाजार मूल्य लगभग 5 करोड़ रुपए से ज्यादा है,गोदाम से ही कालाबाजारी कर गायब कर दिया गया है,जिसको छिपाने के लिए अभी हाल ही में एजीएम का प्रभार मेदिनीनगर के एम०ओ० को दिया गया है।
बयान में जेकेएम अध्यक्ष ने कहा है कि जब जिलाध्यक्ष धीरज चन्द्रवंशी के साथ हमने बैरिया स्थित झारखण्ड खाद्य निगम के गोदाम का दौरा किया तो वहां पर एजीएम समेत कोई भी जिम्मेदार अधिकारी अधिकृत जानकारी देने के लिए उपलब्ध नहीं थे।पूछने पर कम्प्यूटर ऑपरेटर जितेन्द्र कुमार ने बतलाया की अभी अगले महीने अगस्त का राशन निर्गत किया जा रहा है।जब हमने पूछा की जुलाई महीने की क्या स्थिति है,तो उसने बताया कि इसका जवाब एजीएम देंगे? जब एजीएम के मोबाइल पर सम्पर्क किया गया तो बन्द मिला था। इसी बीच आनन-फानन में एजीएम का प्रभार मेदिनीनगर के एम०ओ० को सौंप कर मामले को ठंडे बस्ते में डालने का प्रयास जारी हैं।
बयान में उन्होंने कहा है कि पिछले वर्ष तत्कालीन डीएसओ प्रीति किस्कू की मिलीभगत से जब नावाबाजार व पड़वा प्रखण्ड के गोदाम से 15000 क्विंटल राशन गायब हुआ था,जिसको लेकर हमलोगों ने काफी आन्दोलन भी किया था,आजतक भ्रष्टाचारियों ने उच्चस्तरीय मिलीभगत कर मामले को दबाए रखा है।
दरअसल महाभ्रष्ट तत्कालीन डीएसओ प्रीति किस्कू भ्रष्टाचार के खिलाफ हमेशा बकलोली करनेवाले पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा विधायक दल के नेता श्री बाबूलाल मरांडी की पुत्रवधू हैं,जिनको ऐसे बड़े घोटाले से बचाने के लिए अभी मेदिनीनगर में पधारे हुए राज्य सरकार के जांच दल के लोग भी अथक परिश्रम कर रहे हैं।
हम राज्य के माननीय मुख्यमंत्री व खाद्य आपूर्ति मंत्री के साथ पलामू के उपायुक्त श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत व वर्तमान जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री प्रमोद कुमार जी से खाद्य निगम के गोदाम की माहवार अद्यतन स्थिति, आवंटन व वितरण की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कर तमाम दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हैं।
अगर इस मामले में राशन गबन के दोषियों को बचाने का प्रयास किया गया तो आन्दोलन तेज किया जाएगा।