बरवाडीह के सीएसपी संचालक सुजीत कुमार गुप्ता को SBI ने किया सम्मानित
सीएसपी सेवा में उत्कृष्ट कार्य को लेकर सुजीत कुमार गुप्ता सम्मानित, अधिकारियों ने कहा- ग्रामीण बैंकिंग को मजबूत करने में अहम भूमिका,
संवाददाता:सुरेंद्र कुमार
बरवाडीह(लातेहार): भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने वाले बरवाडीह बाजार के सीएसपी संचालक सुजीत कुमार गुप्ता को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। रांची स्थित क्षेत्रीय व्यवसाय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक के डीजीएम एवं रीजनल मैनेजर द्वारा उन्हें सीएसपी पुरस्कार एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर बैंक के वरीय अधिकारियों ने कहा कि सीएसपी संचालक ग्रामीण क्षेत्रों में बैंक और ग्राहकों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं।सुजीत कुमार गुप्ता द्वारा ग्राहकों को बेहतर सेवा, सही मार्गदर्शन और समय पर बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मठ सीएसपी संचालकों के प्रयास से दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में भी बैंकिंग सेवाओं का विस्तार हो रहा है।सुजीत कुमार गुप्ता लंबे समय से बरवाडीह क्षेत्र में भारतीय स्टेट बैंक के सीएसपी का संचालन कर रहे हैं। उनके केंद्र से ग्रामीणों को खाता खोलने, केवाईसी अपडेट, पैसा जमा एवं निकासी, राशि हस्तांतरण सहित कई बैंकिंग सेवाएं आसानी से मिल रही हैं।सम्मान मिलने के बाद सुजीत कुमार गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का काम करेगा। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को बेहतर और ईमानदार सेवा देना उनकी प्राथमिकता है। वह आगे भी ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास करते रहेंगे।सम्मान की जानकारी मिलने के बाद बरवाडीह क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके कार्यों की सराहना की।लोगों ने कहा कि सीएसपी केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को बैंक तक जाने की परेशानी से राहत मिल रही है और घर के नजदीक ही जरूरी बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

