गिरिडीह के राजवीर ने जीता राष्ट्रीय बैडमिंटन में कांस्य पदक, झारखंड का बढ़ाया मान

गिरिडीह। बेंगलुरु में आयोजित प्रतिष्ठित ऑल इंडिया सब-जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट में गिरिडीह के होनहार खिलाड़ी राजवीर डी. और उनके जोड़ीदार संबित रमेश ने अंडर-15 डबल्स वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले व राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। दोनों खिलाड़ियों के इस सफल प्रदर्शन पर जिला प्रशासन, खेल संगठनों और समाज ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने राजवीर एवं संबित को हार्दिक बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि केवल खिलाड़ियों की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे जिले और राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से मिली यह सफलता अन्य युवाओं के लिए प्रेरक होगी और यदि युवा खेलों के प्रति समर्पित रहेंगे तो राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण व आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के प्रयास जारी रखेगा ताकि जिले की प्रतिभाएं आगे चलकर और भी पदक जीतें। उन्होंने अभिभावकों, प्रशिक्षकों और खेल संस्थानों के योगदान की सराहना करते हुए राजवीर-संबित के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला, झारखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव, जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष व सचिव, इनडोर स्टेडियम, गिरिडीह की प्रबंधन समिति, प्रशिक्षक मुकेश कुमार तथा प्रदेश के बैडमिंटन खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी और आगामी प्रतियोगिताओं में सफल प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं।