स्कॉलर बी.एड. कॉलेज ने गिरिडीह में बांटे सैकड़ों फलदार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

वनमहोत्सव सप्ताह: स्कॉलर बी.एड. कॉलेज ने गिरिडीह में बांटे सैकड़ों फलदार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश ।

राहगीरों, दुकानदारों और आम नागरिकों को निःशुल्क पौधे वितरित; प्रशिक्षुओं ने लोगों से ‘एक पौधा जरूर लगाएं’ की अपील की

गिरिडीह: पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्कॉलर बी.एड. कॉलेज, गिरिडीह द्वारा वनमहोत्सव सप्ताह के तहत सोमवार को शहर में पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शालिनी खोवाला के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में सैकड़ों शिक्षक प्रशिक्षुओं ने आम नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों के बीच फलदार एवं छायादार पौधों का निःशुल्क वितरण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के निदेशक ध्रुव संथालिया ने राहगीरों को पौधे देकर किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए युवाओं के साथ-साथ शिक्षक प्रशिक्षुओं को भी जागरूक बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधा एक जीवन है और इसे लगाना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।

प्राचार्य डॉ. शालिनी खोवाला ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते प्रदूषण की चुनौती से निपटने के लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के प्रशिक्षु नई पीढ़ी में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने के उद्देश्य से यह अभियान चला रहे हैं। उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

वनमहोत्सव सप्ताह के तहत आम, अमरूद, जामुन, आंवला, पपीता, नींबू सहित कई प्रकार के फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान लोगों को पौधों की देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. संतोष कुमार चौधरी और आशीष राज ने पूरी टीम के साथ कार्यक्रम का सफल संचालन किया। वहीं डीएलएड प्रभारी डॉ. हरदीप कौर ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग दिया। अभियान को सफल बनाने में महाविद्यालय के समस्त सहायक व्याख्याताओं, कार्यालय कर्मियों एवं सैकड़ों प्रशिक्षुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।