रामगढ़ में पुलिस-प्रिंस खान गैंग के बीच मुठभेड़, चार आरोपी गिरफ्तार
रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान गिरोह का एक सदस्य गोली लगने से घायल हो गया, जबकि कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में प्रिंस खान गिरोह का सदस्य शिवराज राम उर्फ शिवा गोली लगने से घायल हो गया। उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने दो पिस्टल, 59 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में शिवराज राम के प्रिंस खान गिरोह से जुड़े होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने इस कार्रवाई में गिरोह के कुल चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पूरे मामले में आगे की जांच और पूछताछ जारी है।

