गिरिडीह की दीपशिखा ने CA फाउंडेशन परीक्षा पास कर रचा इतिहास

गिरिडीह के सर जे.सी. बोस मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की छात्रा दीपशिखा कुमारी ने भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) की CA फाउंडेशन परीक्षा में 400 में से 233 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने दीपशिखा को मिठाई खिलाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दीपशिखा की सफलता सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है और मेहनत ही सफलता का सबसे बड़ा मंत्र है।
दीपशिखा का सफर संघर्षों से भरा रहा। कक्षा सात में उन्होंने सड़क दुर्घटना में अपने पिता को खो दिया था। इसके बाद उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों में परिवार का पालन-पोषण करते हुए तीनों बच्चों की पढ़ाई जारी रखी। दीपशिखा ने बताया कि वर्ष 2025 में 12वीं की परीक्षा 82 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में CA फाउंडेशन परीक्षा पास की। उन्होंने कहा कि अपनी गलतियों से सीख लेकर पहले से अधिक मेहनत करने का परिणाम उन्हें सफलता के रूप में मिला।
दीपशिखा ने अब CA इंटरमीडिएट के लिए पंजीकरण करा लिया है और मई 2027 में होने वाली परीक्षा की तैयारी में जुट गई हैं। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।