गिरिडीह प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट सेल्फ बुकिंग कियोस्क शुरू करने की मांग, सुनील खंडेलवाल ने डाक विभाग को लिखा पत्र

गिरिडीह प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट सेल्फ बुकिंग कियोस्क शुरू करने की मांग, सुनील खंडेलवाल ने डाक विभाग को लिखा पत्र

उपशीर्षक: रांची-जमशेदपुर की तर्ज पर गिरिडीह में भी आधुनिक डाक सुविधा उपलब्ध कराने की अपील, लंबी कतारों से राहत देने की मांग

गिरिडीह। सामाजिक एवं सूचना का अधिकार (RTI) कार्यकर्ता सुनील कुमार खंडेलवाल ने गिरिडीह प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट सेल्फ बुकिंग कियोस्क (Speed Post Self Booking Kiosk System) की सुविधा तत्काल शुरू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने भारत सरकार के डाक विभाग के महानिदेशक, नई दिल्ली, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, झारखंड परिमंडल, रांची तथा डाकघर अधीक्षक, गिरिडीह को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

खंडेलवाल ने कहा कि गिरिडीह जैसे महत्वपूर्ण जिला मुख्यालय में यह आधुनिक सुविधा उपलब्ध नहीं होने से प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थानों को स्पीड पोस्ट कराने के लिए लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता है। इससे लोगों का समय बर्बाद होता है और कई बार तकनीकी व व्यवस्थागत कारणों से रसीद जारी होने में भी परेशानी आती है।

उन्होंने कहा कि जब रांची और जमशेदपुर के डाकघरों में स्पीड पोस्ट सेल्फ बुकिंग कियोस्क सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं, तो गिरिडीह के नागरिकों को इस सुविधा से वंचित रखना उचित नहीं है। डिजिटल इंडिया, ई-गवर्नेंस और नागरिक-केंद्रित सेवाओं की भावना के अनुरूप यह सुविधा गिरिडीह में भी जल्द शुरू की जानी चाहिए।

सुनील कुमार खंडेलवाल ने मांग की है कि गिरिडीह प्रधान डाकघर में शीघ्र स्पीड पोस्ट सेल्फ बुकिंग कियोस्क स्थापित किया जाए, इसके लिए आवश्यक तकनीकी संसाधन और प्रशिक्षित कर्मियों की व्यवस्था की जाए। साथ ही, जब तक यह सुविधा शुरू नहीं होती, तब तक स्पीड पोस्ट काउंटरों की संख्या बढ़ाकर आम लोगों को लंबी कतारों से राहत दी जाए।

उन्होंने उम्मीद जताई कि डाक विभाग जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा, ताकि गिरिडीह के लाखों नागरिकों को भी देश के अन्य प्रमुख शहरों की तरह आधुनिक, पारदर्शी और त्वरित डाक सेवाओं का लाभ मिल सके।