कोडरमा के युवा ने मधुमक्खी पालन से बनाई पहचान, कमा रहे लाखों रुपए
झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच स्थित महथाडीह के रहने वाले 22 वर्षीय सचिन प्रजापति मधुमक्खी पालन के माध्यम से लाखों रुपए की आय अर्जित कर रहे हैं। वे 15 विभिन्न प्रकार के शहद तैयार करते हैं और उनकी मार्केटिंग देश के हर हिस्से में करते हैं।
उन्होंने ‘उमा बी फार्म’ नामक एक कंपनी स्थापित की है, जिसके माध्यम से वे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से शहद का व्यापार करते हैं। सचिन ने बताया कि परिवार द्वारा उसके भविष्य के योजनाओं को समर्थन मिलने के बाद वह अपने सपने को पूरा करने के लिए अलग-अलग प्रकार के व्यापार की जानकारी के लिए यूट्यूब देखने लगे। जहां अलग-अलग प्रकार के व्यापार की जानकारी मिली।
इस दौरान बी फार्मिंग (मधुमक्खी पालन) का व्यापार सबसे ज्यादा भा गया। इस व्यापार से संबंधित सारी जानकारी इकट्ठा की और इसकी ट्रेनिंग के लिए 2022 में पटना (बिहार) चले गए। जहां 5 दिनों की बेसिक ट्रेनिंग लेने के बाद मास्टर ट्रेनिंग (CBRTI) लेने के लिए पुणे (महाराष्ट्र) पहुंचे। ट्रेनिंग लेने के बाद 2023 में वापस डोमचांच आए और व्यापार करने की शुरुआत की।

