मर्सी हॉस्पिटल के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 300 से अधिक मरीज पहुंचे
मर्सी हॉस्पिटल में रविवार को आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर में 300 से अधिक मरीजों ने पहुंचकर विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। शिविर में मरीजों के लिए कई महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं, जिससे बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।
शिविर के दौरान मरीजों की शुगर एवं ब्लड प्रेशर (बीपी) की निःशुल्क जांच की गई। इसके अलावा 2D Echo और PFT जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीजों को जांच एवं उपचार पर 20 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी गई।
शिविर में सर्जरी विभाग के डॉ. अनुज अनिल लड्डा, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. रोइश उद्दीन, मेडिसिन विशेषज्ञ मो. शहजाद शेख, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. लीलावती पाडिगेला, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका अग्रवाल, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल शाहाबादी एवं डॉ. सौरभ जगनानी, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. विवेक डोकानिया, अल्ट्रासाउंड विशेषज्ञ डॉ. निकेश सिंह तथा त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. फरहा आजाद ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
मर्सी हॉस्पिटल के CEO डॉ. पी. एच. मिश्रा ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य गिरिडीह एवं आसपास के लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शिविर में 300 से अधिक मरीजों की उपस्थिति अस्पताल के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। अस्पताल का प्रयास है कि विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हों, ताकि मरीजों को समय पर उचित परामर्श और बेहतर उपचार मिल सके। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी जनहित में ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।

