चार अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने वाला खिलाड़ी आज चला रहा कैब, आर्थिक तंगी से जूझ रहे अमरदीप कुमार

देश के लिए चार बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर तिरंगा लहराने वाले रांची के थ्रो बॉल खिलाड़ी अमरदीप कुमार आज आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। परिवार का गुजारा करने के लिए वे पार्ट टाइम कैब चलाते हैं और खाली समय में अपने पिता के साथ सब्जी बेचने का काम भी करते हैं। सुबह नियमित अभ्यास करने के बाद वे रोजी-रोटी के लिए काम में जुट जाते हैं। प्रतियोगिताओं के दौरान उन्हें कैब चलाना भी बंद करना पड़ता है।
चार-चार अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने के बावजूद अमरदीप को अब तक राज्य सरकार की ओर से न तो कोई सम्मान राशि मिली और न ही किसी प्रकार का औपचारिक सम्मान। उनका कहना है कि कई बार खेल विभाग को आवेदन देकर आर्थिक सहायता की मांग की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।