धरियाडीह के ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल में गूंजा योग का संदेश

धरियाडीह स्थित ओपन माइंड वर्ल्ड स्कूल में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।योग शिक्षक कर्मवीर पांडेय के दिशा निर्देशन में विद्यालय के प्राचार्य,शिक्षकगण एवं बच्चों ने आसन,प्राणायाम एवं सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। मौके पर शिक्षक राजेंद्र लाल बरनवाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर,शांत मन और संतुलित जीवन की ओर बढ़ने का संदेश देता है।योग एक प्राचीन भारतीय पद्धति है जो हमारे शरीर और मन को जोड़ता है।नित्य योगाभ्यास शरीर को लचीला बनाने,तनाव कम करने और जीवन जीने की कला सुधारने में मदद करता है।यह संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए एक अचूक साधन है।अतः हमें नित्य अपने जीवन में योग को उतारना चाहिए। प्राचार्य चंद्रमलिका घोष चौधुरी ने योग दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि योग दिवस का प्रमुख उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता,आंतरिक संतुलन एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रचार करना है। योग से मन को शांति मिलती है एवं आत्मबल मजबूत होता है।अतः हम सबों को नित्य योग करना चाहिए।योगाभ्यास में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं बच्चे उपस्थित थे।